राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की ऑनलाइन समीक्षा बैठक

जयपुर, 29 अप्रैल। राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने प्रदेश के स्काउट-गाइड संगठन द्वारा कोविड काल में जन सेवा एवं कोरोना से बचाव के लिए किए जाने वाले उत्कृष्ट कार्यों के लिए चल बैजंती शील्ड प्रदान किए जाने की घोषणा की है। राज्यपाल श्री मिश्र ने गुरुवार को यहां राजभवन में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की समीक्षा बैठक को ऑनलाइन सम्बोधित करते हुए यह घोषणा की। स्काउट-गाइड द्वारा कोरोना रोकथाम के लिए जन चेतना, सेवा कार्य, जन सहयोग से कोविड नियंत्रण हेतु उल्लेखनीय कार्यों के लिए स्काउट-गाइड मंडल को यह चल वैजंती शील्ड प्रदान की जाएगी। यह शील्ड अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा व उदयपुर मण्डल स्थित जिलों की पांच हजार यूनिटों में कार्य करने वाले लगभग 1.50 लाख स्काउट गाइड द्वारा किए जाने वाले उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दी जाएगी। राज्यपाल श्री मिश्र ने स्काउट-गाइड संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए कोरोना महामारी की दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और चिकित्सा विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा कार्य करें।
Privacy Policy | Terms and Conditions of Use | Refund Policy | Nodal Officer :
Last Updated on : 28/02/26