प्रोफ़ेसर नीरज शर्मा द्वारा मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में रोवरिंग - रेंजरिंग विकास समिति के समन्वयक का पदभार ग्रहण

मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति माननीय प्रो. अमेरिका सिंह के आदेशानुसार विश्वविद्यालय में रोवरिंग रेंजरिंग गतिविधियों के बेहतर संचालन हेतु गठित रोवरिंग रेंजरिंग विकास समिति के समन्वयक का पदभार आज़ दिनांक 11/ 10 / 2021 को प्रो. नीरज शर्मा ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता भवन में डॉ. खुशपाल गर्ग ( सेक्रेटरी, रोवर सेक्शन) एवं सुश्री विनीता राजपुरोहित ( सेक्रेटरी, रेंजर सेक्शन ) की उपस्थिति में ग्रहण किया । प्रो. शर्मा के कार्यभार ग्रहण एवं स्वागत कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रोवर लीडर डॉ. मनीष श्रीमाली और पंकज मीणा के साथ रेंजर लीडर मीना पूर्बीया भी उपस्थित रहें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं समन्वयक प्रो. नीरज शर्मा को रोवर और रेंजर एस्कॉर्ट करके छात्र कल्याण अधिष्ठाता भवन के मुख्य द्वार से रोवर ऑफिस लाए। कार्यक्रम की पहली कड़ी के रुप में प्रो. शर्मा ने देवी सरस्वती की प्रतिमा पर फूल - माला अर्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया । तत्पश्चात रोवर लीडर एवं रोवर सेक्शन सेक्रेटरी डॉ. खुशपाल गर्ग ने प्रो. शर्मा को स्काउट का स्कार्फ पहनाकर स्काउट गाइड परिवार में उनका हार्दिक अभिनंदन किया। इसके बाद रोवर लीडर डॉ. मनीष श्रीमाली और पंकज मीणा ने क्रमशः प्रो. शर्मा को उपरना तथा मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी के रुप में प्रो. शर्मा ने रोवर रेंजर लीडर्स तथा रोवर रेंजर्स के साथ स्काउटिंग में अपने विद्यालयी जीवन के अनुभवों को साझा किया तथा स्काउटिंग - गाइडिंग जैसी सह शैक्षणिक गतिविधियों के अकादमिक शिक्षा के साथ साथ एक व्यक्ति के जीवन में महत्व को लक्षित करते हुए अधिकाधिक सेवाभावी रोवर रेंजर्स को इस विश्व के सबसे बड़े वर्दीधारी संगठन से जोड़ने का आव्हान किया। कार्यक्रम की अन्तिम कड़ी के रुप में रेंजर सैक्शन सेक्रेटरी सुश्री विनीता राजपुरोहित ने प्रो. नीरज शर्मा एवं अन्य रोवर रेंजर लीडर्स तथा रोवर रेंजर्स का कार्यक्रम में शामिल होने एवं इसे सफ़ल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया तथा साथ ही आशा व्यक्त की कि प्रो. नीरज शर्मा के निर्देशन और मार्गदर्शन में इस विश्वविद्यालय में रोवरिंग रेंजरिंग गतिविधियां अपने उत्कर्ष को प्राप्त करेंगी। उपरोक्त कार्यक्रम में रोवर क्रू से रोवर गोविन्द, लेखराज और राजू वन जोगी तथा रेंजर टीम से रेंजर कृष्णा, कोमल, दुर्गा, भाविका और डिंपल ने सक्रिय रुप से भाग लिया।
Privacy Policy | Terms and Conditions of Use | Refund Policy | Nodal Officer :
Last Updated on : 14/02/26